दुष्ट व्यक्ति का विश्वासघात: कामंदकी की चेतावनी

दुष्ट व्यक्ति, मुस्कान के पीछे छुपा भेड़िया
जिस मुस्कान पर भरोसा करोगे, वही आग बनकर जलाएगी।

परिचय - जब अग्नि मित्र बनकर आती है

कभी आपने सूखे पेड़ को जलते देखा है? पहले एक छोटी सी चिंगारी, फिर लपटें, फिर सिर्फ राख। अग्नि ने कोई दुश्मनी नहीं दिखाई - बस अपना काम किया।

कामंदकी नीतिसार कहता है - दुष्ट व्यक्ति बिल्कुल उसी अग्नि जैसा होता है। फर्क सिर्फ इतना है कि अग्नि तो बताकर जलाती है, लेकिन दुष्ट व्यक्ति पहले गले लगाता है, फिर छुरा घोंपता है।

आपको लगता है कि ऐसे लोग केवल फिल्मों में ही होते हैं? नहीं। वह आपके पड़ोस में है, आपके ऑफिस में है, और कभी-कभी आपकी ही पार्टी के नेता के रूप में। वह मीठी बोली बोलता है, आपकी हर बात पर सिर हिलाता है, आपको खास महसूस कराता है - और जब आप पूरी तरह निहत्थे हो जाते हैं, तब वार करता है।

इस लेख में हम कामंदकी नीतिसार (प्राचीन भारत की एक अनमोल नीति पुस्तक) के उसी उद्धरण को खोलेंगे। साथ में देखेंगे - भारत के कुछ ताज़ा किस्से, दुनिया के मंच पर धोखे की राजनीति, और वो छोटे-छोटे संकेत जिनसे आप पहचान सकते हैं कि सामने वाला दुष्ट व्यक्ति है या सच्चा हमदर्द।

कामंदकी नीतिसार क्या है? (और यह दुष्ट व्यक्ति के बारे में क्यों बताता है?)

यह किताब चौथी-पाँचवीं सदी में लिखी गई थी। मान लीजिए उस ज़माने का कोई एमबीए का कोर्स। हाँ, इसमें राजा, मंत्री, सेनापति - सबके लिए सीख है। लेकिन सबसे मज़ेदार बात यह है कि कामंदक ने दुष्ट व्यक्ति के बारे में जो लिखा, वह आज के किसी सीनियर मैनेजर या सास-ससुर या पड़ोसी पर भी फिट बैठता है।

  • कामंदक कहते हैं; “दुष्ट व्यक्ति को कभी भी पूरा भरोसा मत दो, चाहे वह कितनी ही मीठी बातें करे।”
  • वह बताते हैं कि दुष्ट व्यक्ति तीन चीज़ों में माहिर होता है, छल करना, विश्वास जीतना, और समय आने पर धोखा देना।
  • नीतिसार में एक पूरा अध्याय है “दुर्जन – दुष्ट व्यक्ति के लक्षण और उपाय”। इसमें कहा गया है कि दुष्ट व्यक्ति से दूरी ही सबसे बड़ा उपाय है, क्योंकि उसे सुधारना नामुमकिन तो नहीं है लेकिन बेहद मुश्किल जरूर है।

आप सोच रहे होंगे, यह प्राचीन किताब आज क्यों पढ़ूं? क्योंकि दुष्ट व्यक्ति का स्वभाव नहीं बदला है। हाँ, उसके हथियार बदल गए हैं। पहले वह तलवार इस्तेमाल करता था, आज व्हाट्सएप और सोशल मीडिया इस्तेमाल। पहले वह राजा के कान भरता था, आज वह सीईओ या मंत्री के कान भरता है। इसलिए यह किताब उतनी ही ताज़ा है जितनी कल की खबर।

दुष्ट व्यक्ति आपका विश्वास कैसे जीतता है? (एक ही रणनीति, तीन चुपके कदम)

इसका जवाब एक कहानी में छिपा है। एक बार एक साधु ने जंगल में एक ज़हरीले साँप को बचाया। साँप रोया “मुझे मत मारो, मैं तुम्हारा आभारी रहूंगा, कभी नहीं काटूंगा।” साधु ने उसे अपने आश्रम में रखा, दूध पिलाया, प्यार किया। एक दिन साधु का एक शिष्य गलती से साँप पर पैर रख बैठा। साँप ने तुरंत डस लिया। शिष्य बेहोश।

साधु ने साँप से पूछा - “तुमने वादा तोड़ा?”
साँप बोला “मैं साँप हूँ। डसना मेरा स्वभाव है। तुम भूल गए कि दुष्ट व्यक्ति भी ऐसा ही होता है।”

यही कामंदक की सीख है, दुष्ट व्यक्ति का स्वभाव बदलता नहीं, भले ही वह कितना ही अच्छा बनने का नाटक करे।

अब सवाल है - वह आपको अपना शिकार बनाने के लिए कौन से तीन कदम उठाता है? आइए, बिल्कुल सीधे समझते हैं।

जासूसी

वह आपको समझता है। आप किस चीज़ से खुश होते हो, किससे दुखी, किसे मानते हो, किससे डरते हो। वह मासूम सवाल पूछता है। “तुम्हें किस बात से तकलीफ होती है?” आपको लगता है “दिलचस्पी ले रहा है।” नहीं, वह आपका डाटा इकट्ठा कर रहा है।

दोस्ती का नाटक

अब वह आपकी कमज़ोरी पर हमला नहीं करता और वह उसे ठीक करने में “मदद” करता है। अगर आप अकेले हैं, तो वह आपका साथी बनता है। अगर आप गुस्सैल हैं, तो शांत रहने की सलाह देता है। जिससे आप उसके आभारी हो जाते हैं। आप उसे अपने राज़ बताने लगते हैं।

धोखा

जब आप पूरी तरह उस पर निर्भर हो जाते हैं (भावनात्मक या व्यावसायिक), तब वह आपका उपयोग करता है। आपकी गुप्त बातें दूसरों को बताता है। आपके काम में बाधा डालता है। और जब आप टूटते हैं, तो वह कहता है। “मैंने तो कुछ नहीं किया।”

यह तीन कदम सैकड़ों लोगों के जीवन में खेले गए हैं। चाहे वह प्रेम हो, व्यापार हो, या राजनीति। क्या अब आपको भी यह लक्षण दिखने लगे हैं, सोचिये।

दुष्ट व्यक्ति का सबसे बड़ा झूठा हथियार: “मैं तुम्हारा भला चाहता हूँ”

वह बोलता है - “मैं तो तुम्हारा भला चाहता हूँ।” सुनने में कितना प्यारा लगता है, है ना? लेकिन यही वह जादुई वाक्य है जिससे दुष्ट व्यक्ति आपकी सारी सतर्कता सुला देता है।

  • जब कोई सच में आपका भला चाहता है, तो वह आपको बताता है कि कहाँ सुधार करना है, और आपकी इज्जत भी रखता है।
  • दुष्ट व्यक्ति “भला चाहने” के नाम पर आपकी हर बात में दखल देता है, आपके फैसलों को कंट्रोल करने की कोशिश करता है, और अगर आप उसकी नहीं मानते, तो रूठ जाता है।
  • वह आपको यह विश्वास दिलाता है कि “बाकी सब तुम्हारे दुश्मन हैं, सिर्फ मैं हूँ तुम्हारा सच्चा हितैषी।” जिससे वह आप को आइसोलेशन (अलग-थलग करने) की चाल चलता है।
  • अगली बार जब कोई आपसे कहे “मैं तुम्हारा भला चाहता हूँ”, तो उससे पूछिए - “मेरे भले के लिए तुम क्या करोगे?” और फिर देखिए – कैसे वह गिरगिट की तरह बदलता है?

कामंदक कहते हैं - “दुष्ट व्यक्ति के मुख से ‘तुम्हारा भला’ निकलता है, पर उसके मन में ‘अपना स्वार्थ’ रहता है।”

आज भारत में दुष्ट व्यक्ति कहाँ-कहाँ घूम रहा है?

क्या हमारे आसपास सचमुच इतने दुष्ट व्यक्ति हैं? या हम बस संदेही हो रहे हैं?

मैं कोई डर फैलाने वाला नहीं हूँ, लेकिन खबरें खुद बोलती हैं। मैं आपको तीन जगह बताता हूँ जहाँ दुष्ट व्यक्ति आराम से बैठा है और लोग उसे तालियाँ बजा रहे हैं।

राजनीति में: वादे और धोखे

  • चुनावों में कहा गया था “महिलाओं को हर महीने 2000 रुपये मिलेंगे।” चुनाव जीतने के बाद उन्होंने कहा “बजट में जगह नहीं है।” लाखों महिलाओं ने उन पर भरोसा किया, फिर उन्हें धोखा मिला।
  • एक और नेता ने युवाओं से कहा था - “दस लाख नौकरियाँ दूंगा।” एक साल बाद सिर्फ 20 हजार भर्तियाँ हुईं। जब पूछा गया, तो जवाब क्या मिला - “योजना बदल गई।”

क्या यह दुष्ट व्यक्ति का काम नहीं है पहले विश्वास जीतो, फिर उसे तोड़ दो?

परिवार में: अपनों का ही जाल

  • अकेली बुजुर्ग महिला, जिसने अपना पूरा मकान बेटे के नाम कर दिया। और बेटा निकालकर उसे बाहर कर देता है। वह रोती है – “मेरा लाल ऐसा नहीं था।” था, तुमने पहले पहचाना नहीं।
  • एक युवक ने अपने चाचा से 50 लाख रुपये “बिजनेस” के लिए लिए, और चाचा ने भरोसा किया 50 लाख रुपये उसे दे दिया। हुआ क्या युवक रुपये लेकर विदेश भाग गया। चाचा अब कर्ज में डूब रहा है।

ऑफिस में: मीठा ज़हर

  • वह सहकर्मी जो हमेशा आपकी तारीफ करता है, बॉस के सामने आपकी कमियाँ गिनाता है।
  • वह मैनेजर जो कहता है - “तुम बहुत होशियार हो, यह प्रोजेक्ट तुम्हीं कर सकते हो,” जैसे ही काम पूरा हुआ उसका सारा क्रेडिट खुद ले लेता है।

ये कोई बड़े अपराधी नहीं लगते, लेकिन इनसे ही ज़्यादा नुकसान होता है - क्योंकि इनकी पहचान मुश्किल है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दुष्ट व्यक्ति: जब पूरा देश बन जाता है धोखेबाज

क्या सिर्फ व्यक्ति ही दुष्ट होते हैं, या पूरा देश भी दुष्ट व्यवहार कर सकता है? कामंदक ने दुष्ट व्यक्ति की बात की थी, लेकिन उनके सिद्धांत देशों पर भी लागू होते हैं।

  • रूस और यूक्रेन: 2022 में युद्ध शुरू हुआ। बीच-बीच में युद्धविराम की बातें हुईं, संयुक्त राष्ट्र में वादे हुए। लेकिन हर बार फिर नए हमले किए गए। पहले भरोसा दिलाया, फिर विश्वासघात किया। यह दुष्ट व्यक्ति वाला व्यवहार है - लेकिन देश के स्तर पर।
  • चीन और भारत: सीमा पर बातचीत चल रही है। चीन कहता है - “शांति चाहिए।” और उसी दिन सीमा पर नए ढांचे बना देता है। भरोसा जीतने का नाटक, फिर चुपके से नुकसान।
  • अमेरिका के पड़ोसी मामले: कई बार अमेरिका ने छोटे देशों को आर्थिक मदद का वादा किया, बदले में वहाँ सैन्य अड्डे बनाए। फिर मदद रोक दी, लेकिन अड्डे रह गए।

लेकिन देखिये दुष्ट व्यक्ति की रणनीति वही है - बस मंच बड़ा है।

क्या विज्ञान भी मानता है दुष्ट व्यक्ति का होना?

यह सच है, मनोविज्ञान में इसे “डार्क ट्रायड” (Dark Triad) कहते हैं;

तीन गुण

  • नार्सिसिज़्म (अहंकार)
  • मैकियावेलियनिज़्म (छल-कपट)
  • साइकोपैथी (भावनाशून्यता)

ये वही लक्षण हैं जो कामंदक ने दुष्ट व्यक्ति में बताए थे।

  • 2023 के एक अध्ययन में पाया गया कि लगभग 6% लोगों में ये तीनों गुण मजबूत रूप से मौजूद हैं। यानी हर 16-17वां व्यक्ति स्वभाव से दुष्ट प्रवृत्ति का हो सकता है।
  • ये लोग दूसरों की भावनाओं को नहीं समझते, लेकिन उनकी नकल करने में बहुत माहिर होते हैं। इसलिए वे इतनी आसानी से विश्वास जीत लेते हैं।
  • न्यूरोसाइंस कहता है कि दुष्ट व्यक्ति के दिमाग में सहानुभूति वाले हिस्से कम सक्रिय होते हैं। वह आपको दुखी देखकर परेशान नहीं होता बल्कि संतुष्ट होता है।

प्राचीन कामंदक और आधुनिक वैज्ञानिक दोनों एक ही बात कह रहे हैं। दुष्ट व्यक्ति कोई पौराणिक किरदार नहीं, बल्कि एक मनोवैज्ञानिक सच्चाई है।

यह पोस्ट मूल रूप से Indian Philosophy and Ethics पर प्रकाशित हुई थी।
© कॉपीराइट सुरक्षित। बिना अनुमति कॉपी करना वर्जित है।
मूल पोस्ट यहाँ देखें: दुष्ट व्यक्ति का विश्वासघात: कामंदकी की चेतावनी
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url